श्री हरदयाल देवगुण

पूर्व अध्यक्ष

श्री हरदयाल देवगुण
भारतीय जनसंघ, दिल्ली प्रदेश 1964-1966

 

श्री हरदयाल देवगुन एक प्रमुख भारतीय राजनीतिज्ञ थे, जिन्होंने 1967 में चौथी लोकसभा में पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। उनका जन्म 9 अप्रैल 1921 को गाँव मन्हाला, जिला लाहौर (अब पाकिस्तान में) में हुआ था। उनके पिता का नाम पंडित महेश दास था। उनका विवाह श्रीमती निर्मल से 1946 में हुआ था तथा उनकी दो पुत्रियां थीं।

उन्होंने डी.ए.वी. कॉलेज, लाहौर और पंजाब यूनिवर्सिटी कैम्प कॉलेज, नई दिल्ली से शिक्षा प्राप्त की। वे व्यापार के क्षेत्र में सक्रिय रहे और उन्होंने दैनिक प्रताप (उर्दू) के संपादकीय विभाग में काम किया और बाद में प्रतिष्ठित समाचार पत्र वीर अर्जुन (हिंदी) के समाचार संपादक के पद पर भी अपनी सेवायें दीं।

वे 1945 से 1958 तक हिंदू महासभा से जुड़े रहे और 1952 से 1957 तक ऑल इंडिया हिंदू महासभा के सचिव रहे। 1964 में वे दिल्ली राज्य भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष बने। 1966 से 1967 तक वे दिल्ली की अन्तरिम मैट्रोपोलिटन काउन्सिल के सदस्य भी रहे। वे सामाजिक सुधारों में विशेष रुचि रखते थे, खासकर महिलाओं, हरिजनों और गरीब बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने विशेष योगदान दिया।

उन्होंने लोकमान्य तिलक और सरदार पटेल की जीवनी हिंदी में लिखी हैं। श्री देवगुन का मुख्य ध्यान सामाजिक और शैक्षिक विकास पर केंद्रित था, और वे साहित्य, कविता और लेखन में भी गहरी रुचि रखते थे।